Hindu New Year: नई दिल्ली। हिंदू पंचांग के अनुसार गुड़ी पड़वा और उगादी के साथ नववर्ष की शुरुआत चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है। इस दिन को नई शुरुआत और सृष्टि के निर्माण का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी तिथि पर ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी, इसलिए इसे बेहद पवित्र माना जाता है।
नीम और मिश्री खाने की परंपरा
नववर्ष के पहले दिन सुबह स्नान और पूजा के बाद नीम की कोमल पत्तियों के साथ मिश्री या गुड़ खाने की परंपरा है। कई स्थानों पर इसमें इमली या कच्चे आम को भी मिलाया जाता है।
धार्मिक दृष्टि से नीम और मिश्री जीवन के दो पहलुओं का प्रतीक हैं। नीम का कड़वा स्वाद जीवन की कठिनाइयों और संघर्षों को दर्शाता है, जबकि मिश्री की मिठास सुख, सफलता और खुशियों का संकेत देती है। यह परंपरा सिखाती है कि जीवन में सुख और दुख दोनों का संतुलन जरूरी है।
आध्यात्मिक और सामाजिक संदेश
इस परंपरा के माध्यम से यह संदेश दिया जाता है कि व्यक्ति को हर परिस्थिति को स्वीकार करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। जीवन में आने वाली चुनौतियों और खुशियों को समान भाव से अपनाना ही सच्चा संतुलन है।
आयुर्वेद में नीम का महत्व
आयुर्वेद के अनुसार मौसम परिवर्तन के समय शरीर में रोगों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में नीम के औषधीय गुण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में मदद करते हैं।
नीम में एंटीबैक्टीरियल और एंटीवायरल गुण पाए जाते हैं, जो शरीर को संक्रमण से बचाने में सहायक होते हैं। वहीं मिश्री शरीर को ऊर्जा प्रदान करती है और नीम की कड़वाहट को संतुलित करती है।
इस वर्ष कौन होगा राजा और मंत्री
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार नववर्ष जिस दिन से शुरू होता है, उसी दिन का ग्रह उस वर्ष का राजा माना जाता है। इस बार नववर्ष गुरुवार को पड़ रहा है, इसलिए गुरु को वर्ष का राजा माना गया है, जबकि मंगल मंत्री होंगे।
ज्योतिष के अनुसार गुरु और मंगल का यह संयोग “धर्म योद्धा योग” बनाता है, जो समाज में धर्म, साहस और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाने वाला माना जाता है।
अन्य ग्रहों की भूमिका
इस वर्ष चंद्र देव को सेनापति, मेघाधिपति और फलधिपति माना गया है, जबकि बुध धान्याधिपति और शनि रसाधिपति रहेंगे। इन ग्रहों का प्रभाव वर्ष भर कृषि, मौसम और आर्थिक स्थिति पर देखने को मिल सकता है।
