गंभीर बीमारियों के ऑपरेशन में आई तेजी, पदस्थापना से अब तक 16 सफल ऑपरेशन
रायपुर, जिला अस्पताल बलौदाबाजार में नए जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. कादिर बेग की पदस्थापना से अस्पताल की उपचार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब अस्पताल में हर्निया, हाइड्रोसिल, बवासीर, फिमोसिस, सेलुलाइटिस, ब्रेस्ट एब्सेस, फाइब्रोएडेनोमा, लिम्फोमा तथा सिबेशियस सिस्ट जैसी गंभीर बीमारियों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया जा रहा है।
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी के अनुसार ये सभी ऑपरेशन निःशुल्क किए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड का लाभ भी दिया जाता है। भर्ती मरीजों को भोजन और नाश्ते की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति के अनुसार कुछ दिनों तक अस्पताल में भर्ती रखा जाता है, तत्पश्चात स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी जाती है। सर्जन की पदस्थापना के बाद अब तक 16 सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं, जिससे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिली है।
सेलुलाइटिस का उपचार करा चुकी भाटापारा निवासी 45 वर्षीय अनिता के परिजनों ने बताया कि उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। यहां ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया और आयुष्मान कार्ड का लाभ भी मिला। एक सप्ताह भर्ती रहने के बाद छुट्टी दे दी गई और वर्तमान में उनकी स्थिति सामान्य है।
