T20 World Cup 2026: मुंबई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रन से हराकर जीत के साथ टूर्नामेंट में कदम रखा। इस जीत के नायक कप्तान सूर्यकुमार यादव रहे, जिन्होंने दबाव भरे हालात में नाबाद 84 रन की कप्तानी पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाए। हालांकि शुरुआत भारतीय टीम के लिए बेहद निराशाजनक रही। दूसरे ही ओवर में अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन (20 रन) और तिलक वर्मा (25 रन) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन पावरप्ले के भीतर ही चार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। शिवम दुबे शून्य पर लौटे, जबकि अमेरिका के गेंदबाज शैडली वान शल्कविक ने एक ओवर में तीन विकेट लेकर भारत की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।
मध्यक्रम भी ज्यादा देर टिक नहीं पाया। रिंकू सिंह (6 रन) और हार्दिक पांड्या (5 रन) सस्ते में आउट हुए। ऐसे मुश्किल वक्त में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 49 गेंदों में संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए नाबाद 84 रन बनाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उनकी पारी में क्लासिक 360-डिग्री शॉट्स की झलक भी देखने को मिली।
162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। मोहम्मद सिराज ने वापसी मैच में 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट झटके, जबकि वरुण चक्रवर्ती को एक सफलता मिली। अमेरिका की ओर से मिलिंद कुमार (34 रन), संजय कृष्णमूर्ति (37 रन) और शुभम रांजने (37 रन) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके।
T20 World Cup 2026: भारत का दूसरा मुकाबला नामीबिया के साथ चार दिन बाद है, अब देखना ये होगा कि टीम इंडिया कैसा परफॉर्म कर पायेगी।
