मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है और राज्य को विकास के नए आयामों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने दामाखेड़ा में आयोजित संत समागम समारोह की अनुदान राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 75 लाख रुपये करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री माघ पूर्णिमा के अवसर पर कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित सतगुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब और पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब को चादर व श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दामाखेड़ा का संत समागम समारोह हर वर्ष अधिक भव्य होता जा रहा है, जो लोगों की बढ़ती आस्था का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन में गहरा प्रभाव है, जिससे यहां के लोग शांति प्रिय हैं। उन्होंने बताया कि वे बचपन से कबीर पंथ से परिचित रहे हैं और उनके गांव बगिया में भी कई कबीरपंथी परिवार निवास करते हैं। दामाखेड़ा का नाम ‘कबीर धर्मनगर’ करने की प्रक्रिया राजपत्र प्रकाशन के अंतिम चरण में है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार से प्रदेश को सीधा लाभ मिल रहा है और विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। नक्सलवाद को प्रदेश के विकास में बाधा बताते हुए उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 तक इसे समूल समाप्त करने का लक्ष्य है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक अद्भुत रहा है। उन्होंने वृक्षारोपण, नशामुक्ति, समाज सेवा और युवा उत्थान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल और भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी समारोह को संबोधित किया।
पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए बताया कि इस वर्ष माघ मेला के प्रथम दिन बसंत पंचमी पर कबीर पंथ के 16वें वंशाचार्य पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में कबीरपंथी श्रद्धालु मेले में पहुंचे हैं और आयोजन को शासन-प्रशासन का भरपूर सहयोग मिला है।
समारोह में पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब, गुरुगोसाईं भानुप्रताप साहब, विधायक भावना बोहरा, ईश्वर साहू, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित कबीरपंथी समाज के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
