कोरिया, गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2026 को बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्रों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर विधायक भइया लाल राजवाड़े द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जिला कोरिया के छात्र सिद्धांत सिंह एवं आत्मज प्रकाश सिंह ने सत्र 2024-25 में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में राज्य की प्रावीण्य सूची में छठा स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
वहीं अभिनंदन बड़ेरिया, आत्मज आलोक बड़ेरिया ने सत्र 2024-25 में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें भी लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थी जिले और प्रदेश का भविष्य हैं। शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मेधावी छात्रों को आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
