धमतरी/रायपुर। धमतरी जिले के कुश्ती खिलाड़ियों ने रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। इंडियन क्लब रामकुंड द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में आजाद चौक अखाड़ा के यश वाल्मीकि और गोकुलपुर अखाड़ा के कुनाल यादव ने अपनी अद्भुत कुश्ती प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, 27-32 किग्रा वजन वर्ग में योगेश कुम्भकार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ कुश्ती संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण पहलवान ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए नदाग पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर प्रभारी जिला खेल अधिकारी पियूष तिवारी, सहायक जिला अधिकारी जे.पी. देव, राजेश धीमर, विजय यादव, सूरज पहलवान, नुमेश यादव, गगन कुम्भकार, विकास सिंह ठाकुर, रामकुमार साहू और कैलाश बाबा ने धमतरी के विजयी पहलवानों को बधाई दी।
इस उपलब्धि से स्पष्ट हुआ कि धमतरी जिले के खिलाड़ी न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि उचित मार्गदर्शन और सहयोग मिलने पर ये पहलवान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।
धमतरी के कुश्ती प्रेमियों ने भी विजयी खिलाड़ियों के लिए उत्साह और गर्व व्यक्त किया, साथ ही उन्हें भविष्य में और बड़े मंचों पर सफलता की शुभकामनाएं दीं।
