Daryl Mitchell : इंदौर में खेले गए भारत बनाम न्यूजीलैंड तीन मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने ऐसा ऐतिहासिक कारनामा कर दिखाया, जो आज तक कोई भी बल्लेबाज नहीं कर सका था। मिचेल भारत की धरती पर भारतीय टीम के खिलाफ लगातार पांचवीं बार 50 से अधिक रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
आईसीसी वनडे रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज डेरिल मिचेल ने तीसरे वनडे मैच में कुलदीप यादव की गेंद पर चौका जड़ते हुए 56 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले भारत में भारत के खिलाफ खेले गए अपने चार वनडे मुकाबलों में मिचेल ने 130, 134, 84 और नाबाद 131 रन की शानदार पारियां खेली थीं। इस मैच में अर्धशतक के साथ ही उन्होंने लगातार पांचवां 50+ स्कोर दर्ज कर इतिहास रच दिया।
मिचेल का हालिया फॉर्म बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अपनी पिछली सात वनडे पारियों में छह बार 50 से अधिक रन बनाए हैं, जो उनकी जबरदस्त निरंतरता और बेहतरीन बल्लेबाजी को दर्शाता है। इस उपलब्धि के साथ ही वह भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में उनसे आगे केवल केन विलियमसन हैं, जिन्होंने साल 2014 में भारत के खिलाफ लगातार पांच वनडे मैचों में अर्धशतक जमाए थे।
भारत में भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में इससे पहले केवल चार बल्लेबाज—क्रिस गेल, डेमियन मार्टिन, एंड्रयू साइमंड्स और एबी डिविलियर्स—ही लगातार चार बार 50 से अधिक रन बनाने में सफल हो पाए थे, लेकिन मिचेल ने पांचवीं बार यह कारनामा कर सभी को पीछे छोड़ दिया।
तीसरे वनडे में न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही थी और टीम ने शुरुआती सात गेंदों में ही अपने दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद दूसरे ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरे डेरिल मिचेल ने एक छोर संभाले रखा और दबाव में भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने अपने वनडे करियर का नौवां शतक जड़ते हुए एक और बड़ी पारी खेली।
भारत में भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड फिलहाल एबी डिविलियर्स के नाम है, जिन्होंने 11 पारियों में 5 शतक लगाए थे। वहीं डेरिल मिचेल अब सिर्फ 8 पारियों में 4 शतक लगा चुके हैं और इस रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच गए हैं।
2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद से डेरिल मिचेल भारतीय टीम के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं। करियर की शुरुआती चार वनडे पारियों में भारत के खिलाफ अर्धशतक नहीं लगा पाने वाले मिचेल ने अपनी पिछली सात पारियों में चार शतक और दो अर्धशतक जड़ दिए हैं। वनडे क्रिकेट में वह अब तक भारत के खिलाफ 700 से ज्यादा रन बना चुके हैं।
