राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आज पूर्व राज्यपाल रमेश बैस ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। मुलाकात के दौरान उन्होंने आगामी 1 फरवरी को रायपुर में आयोजित होने वाले सिद्धि शक्ति महाआशीर्वाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया।
यह कार्यक्रम विश्व धर्म चेतना मंच के तत्वावधान में तथा सिद्धगुरुवर सिद्धेश्वर ब्रह्मर्षि गुरुदेव के सान्निध्य में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आध्यात्मिक चेतना का प्रसार एवं सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमंत्रण के लिए रमेश बैस के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी समरसता को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर मोहित कुमार सरावगी, सरिता सरावगी, मारुति शर्मा, रमेश सिंघानिया एवं सूर्य प्रकाश शर्मा भी उपस्थित रहे।
