महिला एवं बाल विकास मंत्री और भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने आज सूरजपुर जिले में 15.50 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे तीन महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत कार्यप्रारंभ किया। इन सड़कों के निर्माण से जिले के ग्रामीण अंचलों में आवागमन सुविधा सुदृढ़ होगी और विकास को नई गति मिलेगी।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अपने गृह ग्राम बीरपुर से कसलगिरी सड़क निर्माण कार्य के शुभारंभ कार्यक्रम में ग्राम कसलगिरी के पंचायत भवन के पास शामिल हुईं। इसके बाद ग्राम केंवटाली से सुन्दरपुर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ ग्राम केंवटाली चौक में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। वहीं ग्राम गंगौटी से शिवपुर सड़क निर्माण कार्य के कार्यप्रारंभ पूजन कार्यक्रम में ग्राम शिवपुर के यादव पारा में भी वे उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मजबूत और गुणवत्तापूर्ण सड़कें ग्रामीण विकास की आधारशिला होती हैं। इन मार्गों के निर्माण से किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और बाजारों तक पहुंच आसान होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और वंचित वर्ग के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। अधोसंरचना विकास के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्यों के शुभारंभ पर खुशी जताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
