IND vs NZ: मुंबई। भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही वनडे सीरीज के दौरान टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। भारतीय ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मुकाबले के दौरान उन्हें पसली (साइड स्ट्रेन) में चोट लगी, जिसके चलते वह आगे के मैच नहीं खेल पाएंगे।
पहले वनडे में वाशिंगटन सुंदर ने 5 ओवर गेंदबाजी करते हुए 27 रन दिए, लेकिन मैच के बीच ही वह असहज नजर आए और मैदान छोड़ना पड़ा। इसके बाद वह फील्डिंग के लिए भी नहीं लौटे। हालांकि, बाद में वह आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने जरूर आए। भारत ने यह मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम किया था।

आयुष बडोनी को मिला वनडे डेब्यू का मौका
वाशिंगटन सुंदर की जगह आयुष बडोनी को भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है। यह बडोनी के करियर का पहला वनडे कॉल-अप है। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी आधिकारिक जानकारी दी। आयुष बडोनी दूसरे वनडे के लिए राजकोट में टीम से जुड़ेंगे।

आयुष बडोनी का घरेलू क्रिकेट रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने अब तक
- 21 फर्स्ट क्लास मैचों में 1681 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं।
- लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 693 रन दर्ज हैं, जहां उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं।
भारत की अपडेटेड वनडे टीम (दूसरा और तीसरा मैच)
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रवींद्र जड़ेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आयुष बडोनी।

भारत को तीसरा झटका
वाशिंगटन सुंदर मौजूदा सीरीज में चोटिल होने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। इससे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत साइड स्ट्रेन के चलते सीरीज से बाहर हो चुके हैं, जबकि तिलक वर्मा ग्रोइन इंजरी के कारण सर्जरी के बाद रिकवरी में हैं और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं रहे।
मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने वाशिंगटन सुंदर की चोट को लेकर कहा था, “वाशिंगटन सुंदर को साइड स्ट्रेन है और मैच के बाद उनका स्कैन कराया जाएगा।”
पहले वनडे में भारत की दमदार जीत
तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर शानदार आगाज किया। 301 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने 93 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
