कोंडागांव, प्रदेश सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी किए जाने से किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है और वे आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। इस व्यवस्था से किसानों को न केवल आय में स्थिरता मिली है, बल्कि वे भविष्य की खेती की बेहतर योजना भी बना पा रहे हैं।
कोंडागांव जिले के ग्राम बड़ेबेन्दरी निवासी किसान श्री नंदलाल राठौर ने बताया कि उनके पास 5 एकड़ कृषि भूमि है, जिससे उन्होंने इस वर्ष 104 क्विंटल धान का उत्पादन किया। उत्पादित धान को उन्होंने उपार्जन केंद्र में समर्थन मूल्य पर विक्रय किया।
धान विक्रय से प्राप्त राशि से वे परिवार की आवश्यक जरूरतें पूरी करने के साथ-साथ आगामी फसल की तैयारी में निवेश कर रहे हैं। श्री नंदलाल ने बताया कि वे रबी फसल मौसम में मक्का की खेती करने की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का नियमित लाभ मिल रहा है। योजना के अंतर्गत उन्हें प्रति वर्ष 6,000 रुपये की सहायता राशि 2,000 रुपये की तीन किस्तों में प्राप्त होती है। इस राशि का उपयोग वे घरेलू छोटी जरूरतों के साथ-साथ खेती-बाड़ी से संबंधित आवश्यक खर्चों में करते हैं।
श्री नंदलाल राठौर ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की सुव्यवस्था तथा किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
