मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में जशपुर जिले में धान खरीदी का कार्य पूरी तरह सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों में किसानों की निरंतर आवक बनी हुई है। शासन की किसान-हितैषी नीतियों और पारदर्शी व्यवस्था का सकारात्मक प्रभाव अब ज़मीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
धान खरीदी केंद्र में अपनी उपज बेचने पहुंचे ग्राम बसरूपपुर निवासी किसान श्री कृष्णा यादव ने बताया कि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने बताया कि पिताजी के नाम से “टोकन तुंहर हाथ” मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे ही ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया गया, जिससे निर्धारित तिथि पर केंद्र पहुंचकर बिना प्रतीक्षा के धान की बिक्री संभव हो सकी।
श्री यादव ने बताया कि धान खरीदी केंद्र में समय पर नया और साफ-सुथरा बारदाना उपलब्ध कराया गया तथा धान की तौल भी समय पर पूरी की गई। सुव्यवस्थित व्यवस्था के चलते समय की बचत हुई और धान की बिक्री सहज व पारदर्शी ढंग से हो पाई।
किसान श्री यादव ने शासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल टोकन प्रणाली और सुव्यवस्थित खरीदी प्रक्रिया से किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिया जा रहा है, जिससे किसानों का सम्मान बढ़ा है और आत्मविश्वास भी सुदृढ़ हुआ है।
