JD Vance Home Attack: वॉशिंगटन। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के ओहियो स्थित निजी आवास पर एक गंभीर सुरक्षा घटना सामने आई है। रिपोर्टों के अनुसार, इस हमले में घर की कई खिड़कियों के शीशे टूट गए और एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और संघीय सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और घटनास्थल पर पहुंचीं।
घटना
स्थानीय समयानुसार रात करीब 12:15 बजे यूएस सीक्रेट सर्विस ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि सीक्रेट सर्विस अधिकारियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पूर्व दिशा की ओर भागते देखा और तुरंत कार्रवाई की गई। घटनास्थल पर पुलिस ने टॉर्च की रोशनी में टूटे हुए शीशों और आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया। अभी तक इस मामले में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन जांच जारी है।
संदिग्ध हिरासत में
स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की है कि एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमला राजनीतिक रूप से प्रेरित था या अन्य किसी कारण से किया गया।
वेनेजुएला पर वेंस के बयान के बाद बढ़ी सुरक्षा चिंता
इस हमले के कुछ दिन पहले जेडी वेंस ने वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि वेनेजुएला लंबे समय से ड्रग तस्करी में शामिल रहा है और वहां की तेल संपत्तियों का इस्तेमाल उन गतिविधियों में होता रहा है, जिन्हें अमेरिका ‘नार्को-आतंकी गतिविधियां’ मानता है। वेंस ने यह भी कहा कि कोकीन लैटिन अमेरिकी ड्रग कार्टेल की सबसे बड़ी कमाई का जरिया है और इसके वित्तीय स्रोत को कमजोर करना जरूरी है।
उनके इस बयान के बाद से राजनीतिक और सुरक्षा दृष्टि से उनके खिलाफ संभावित खतरे को गंभीरता से लिया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी उनके बयानों को लेकर कई चर्चा और प्रतिक्रिया देखने को मिली है।
सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया
सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को गंभीरता से ले रही हैं। जेडी वेंस और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने आसपास के इलाके की निगरानी कड़ी कर दी है और संदिग्ध के मकसद की जांच में जुटी हैं।
