KKR Released Mustafizur Rahman for IPL 2026: नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें अपने स्क्वॉड से रिलीज कर दिया है। इसके साथ ही क्रिकेट फैंस के मन में एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है क्या रिलीज होने के बाद भी मुस्तफिजुर को नीलामी की रकम मिलेगी?
विवाद के बाद KKR ने लिया फैसला
पिछले कुछ दिनों से भारत में मुस्तफिजुर रहमान को लेकर धार्मिक और सामाजिक संगठनों के विरोध की खबरें सामने आ रही थीं। भारत-बांग्लादेश के बीच बिगड़े राजनीतिक और सुरक्षा हालातों के चलते आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पर सवाल उठाए जा रहे थे। इसी बीच BCCI के निर्देश के बाद KKR ने IPL 2026 के लिए बनाए गए अपने स्क्वॉड से मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया।
मुस्तफिजुर को केकेआर ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिससे यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया।

क्या रिलीज के बाद मिलती है नीलामी की रकम?
आमतौर पर आईपीएल नीलामी में किसी खिलाड़ी को खरीदने के बाद उसकी रकम फ्रेंचाइजी के पर्स से लॉक हो जाती है। लेकिन मुस्तफिजुर रहमान का मामला सामान्य नहीं है। उन्हें न तो चोट की वजह से और न ही निजी कारणों से टीम से बाहर किया गया, बल्कि यह फैसला क्रिकेट से इतर परिस्थितियों के कारण लिया गया।
‘फोर्स मेज्योर’ नियम क्या कहता है?
BCCI के नियमों के अनुसार, अगर किसी खिलाड़ी को क्रिकेट के अलावा किसी असाधारण वजह से बाहर करने का निर्देश दिया जाता है, तो उसे ‘फोर्स मेज्योर’ की श्रेणी में रखा जाता है।
फोर्स मेज्योर ऐसी परिस्थिति को कहा जाता है जो किसी के नियंत्रण में नहीं होती जैसे राजनीतिक अस्थिरता या सुरक्षा कारण।
इस नियम के तहत:
- फ्रेंचाइजी खिलाड़ी के कॉन्ट्रैक्ट को पूरा करने के लिए बाध्य नहीं होती
- खिलाड़ी पर खर्च की गई रकम फ्रेंचाइजी को वापस मिल जाती है
मुस्तफिजुर को नहीं मिलेगा भुगतान
इन नियमों के अनुसार, KKR द्वारा रिलीज किए जाने के बाद मुस्तफिजुर रहमान को नीलामी की रकम नहीं मिलेगी। फ्रेंचाइजी को 9.2 करोड़ रुपये की पूरी राशि वापस मिल जाएगी।

पृष्ठभूमि में क्या है वजह?
हाल के दिनों में बांग्लादेश में बदले राजनीतिक हालात और वहां अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की खबरों को लेकर भारत में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। इसके बाद आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को न खिलाने की मांग तेज हुई। इसी दबाव और सुरक्षा चिंताओं के बीच 3 जनवरी को BCCI ने KKR को मुस्तफिजुर को रिलीज करने का निर्देश दिया, जिसके कुछ ही घंटों बाद फ्रेंचाइजी ने यह कदम उठा लिया।
