IAIRO GIFT City AI : गुजरात सरकार देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने घोषणा की है कि 1 जनवरी 2026 से GIFT City में Indian AI Research Organisation (IAIRO) की शुरुआत की जाएगी। यह देश का पहला राष्ट्रीय AI रिसर्च संस्थान होगा, जिसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर स्थापित किया जाएगा। इस पहल से AI रिसर्च, इनोवेशन और नीति निर्माण में नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
PPP मॉडल पर काम करेगा IAIRO
IAIRO को केंद्र सरकार, राज्य सरकार और निजी क्षेत्र की समान भागीदारी के तहत स्थापित किया जाएगा। यह संस्थान GIFT City में एक स्पेशल पर्पज व्हीकल (SPV) के रूप में काम करेगा और इसे Companies Act 2013 की धारा 8 के तहत नॉन-प्रॉफिट संस्था के रूप में रजिस्टर किया जाएगा।
300 करोड़ रुपये का निवेश
पहले पांच वर्षों में इस संस्थान के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसमें राज्य, केंद्र और निजी भागीदारों की बराबर (33.33 प्रतिशत) हिस्सेदारी होगी। इंडियन फार्मास्युटिकल अलायंस (IPA) को इसका एंकर प्राइवेट पार्टनर बनाया गया है, जिसमें Cipla, Torrent Pharma और Sun Pharma जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं।
AI रिसर्च का फोकस
राज्य सरकार ने AI टास्क फोर्स का गठन किया है, जिसका उद्देश्य हेल्थकेयर, शिक्षा, कृषि और अन्य सार्वजनिक सेवाओं में AI के जरिए जीवन की गुणवत्ता बढ़ाना है। IAIRO एक मल्टीडिसिप्लिनरी AI हब के रूप में विकसित होगा, जहां एडवांस रिसर्च, AI प्रोडक्ट्स और सॉल्यूशंस तैयार किए जाएंगे। साथ ही स्टार्टअप्स और अकादमिक संस्थानों के साथ सहयोग भी बढ़ाया जाएगा।
हाइब्रिड कंप्यूट मॉडल और पॉलिसी रिसर्च
IAIRO में इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी, स्किल डेवलपमेंट और पॉलिसी रिसर्च को प्राथमिकता दी जाएगी। यह संस्थान हाइब्रिड कंप्यूट मॉडल पर काम करेगा, जिसमें ऑन-प्रिमाइसेस GPU इंफ्रास्ट्रक्चर और IndiaAI Cloud जैसी राष्ट्रीय प्लेटफॉर्म्स का उपयोग होगा। सरकार का मानना है कि इससे भारत वैश्विक AI रिसर्च मैप पर एक मजबूत पहचान बनाएगा और GIFT City प्रमुख AI इनोवेशन सेंटर के रूप में उभरेगा।
IAIRO की स्थापना से भारत में AI रिसर्च और इनोवेशन को नई गति मिलेगी, और यह संस्थान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर AI के क्षेत्र में भारत की ताकत को प्रदर्शित करेगा।
