Accident : रामपुर। जिले के नैनीताल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। भूसे से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बोलेरो वाहन के ऊपर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चालक की दबने से मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो हाईवे पर आगे चल रही थी, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने संतुलन खो दिया। बताया जा रहा है कि बोलेरो चालक ने सामने चल रहे वाहन को बचाने के लिए अचानक मोड़ लिया, इसी दौरान ट्रक चालक नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सीधे बोलेरो पर पलट गया। कुछ ही पलों में पूरा दृश्य तबाही में बदल गया।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में टक्कर और पलटने की भयावह तस्वीरें साफ देखी जा सकती हैं।
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो किसी एसडीओ की सरकारी ड्यूटी में लगी हुई थी, हालांकि दुर्घटना के समय एसडीओ वाहन में मौजूद नहीं थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया गया और चालक के शव को बाहर निकाला जा सका।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और अचानक मोड़ को हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है।
