बूथवार मुद्रित व डिजिटल मतदाता सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध
22 जनवरी तक दावा-आपत्ति, अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी को होगी प्रकाशित
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशन के संबंध में आज कलेक्ट्रेट स्थित अरपा सभा कक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों की बैठक सह प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत 23 दिसंबर 2025 को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। मतदाता सूची की बूथवार मुद्रित एवं डिजिटल प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई हैं। साथ ही यह सूची सीईओ छत्तीसगढ़ की वेबसाइट एवं जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर भी प्रदर्शित की गई है।
उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति की अवधि निर्धारित की गई है। इस दौरान पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा अपात्र नाम हटाने के लिए आवेदन किया जा सकता है। सभी दावों एवं आपत्तियों के निराकरण के पश्चात अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
युवा मतदाताओं को नाम जुड़वाने के लिए प्रोत्साहन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वे सभी युवा, जो 1 जनवरी 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष के हो चुके हैं अथवा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण कर लेंगे, उन्हें फॉर्म-6 में घोषणा पत्र के साथ आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सभी पात्र युवाओं के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने के लिए जिले सहित पूरे राज्य में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
एसआईआर के प्रथम चरण में व्यापक सहभागिता
बैठक में बताया गया कि 18 दिसंबर 2025 तक जिले के कुल 2 लाख 56 हजार 530 मतदाताओं में से 2 लाख 30 हजार 120 मतदाताओं ने अपने गणना पत्रक जमा किए हैं, जो एसआईआर के प्रथम चरण में व्यापक जनभागीदारी को दर्शाता है।
यह सफलता उप जिला निर्वाचन अधिकारी, 1 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 5 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 7 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा 330 मतदान केंद्रों पर तैनात बीएलओ के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। साथ ही 8 प्रमुख राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों एवं उनके क्षेत्रीय प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से 920 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए गए।
बैठक सह प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमित बेक, सीईओ जिला पंचायत श्री मुकेश रावटे, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
