महासमुंद जिले के विकासखंड बागबाहरा अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल मोहगांव की स्थापना वर्ष 2022 में विद्यार्थियों को माध्यमिक स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। किंतु अब तक शिक्षकों की नियुक्ति न होने के कारण विद्यालय शिक्षकविहीन स्थिति में संचालित हो रहा था, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी और अभिभावकों में निराशा का भाव था।
शिक्षा विभाग द्वारा इस समस्या की गंभीरता को समझते हुए युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत विद्यालय में छात्र संख्या के आधार पर शिक्षकों को पदस्थ किया गया है। अब विद्यालय में अंग्रेजी, गणित एवं कला विषय के तीन व्याख्याता — श्री देवेंद्र चंद्राकर, श्री शैलेन्द्र ठाकुर, श्री रामसिंह नाग तथा विज्ञान सहायक श्री भूपेंद्र जसपाल की नियुक्ति की गई है।
इन शिक्षकों की पदस्थापना के साथ ही विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियाँ पुनः गति पकड़ने लगी हैं। अब नियमित रूप से कक्षाएँ संचालित हो रही हैं और विद्यार्थी पूरे उत्साह एवं रुचि के साथ अध्ययन में भाग ले रहे हैं। बच्चों की उपस्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज हुआ है।
विद्यालय में व्याख्याताओं की नियुक्ति से न केवल बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से प्रारंभ हुई है, बल्कि ग्राम मोहगांव सहित आसपास के क्षेत्रों के पालकों एवं ग्रामीणजनों में प्रसन्नता की लहर है। ग्रामीणों ने शासन एवं शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय दूरस्थ ग्रामीण अंचल में शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
क्षेत्र के जनपद सदस्य भूपेंद्र मोंटू दीवान, सरपंच नरेन्द्र दीवान तथा एसएमसी अध्यक्ष डॉ. चेतन साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग की यह पहल “शिक्षा सबके लिए” के उद्देश्य को साकार करने की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है। इससे यह सुनिश्चित होगा कि किसी भी बच्चे को केवल संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न होना पड़े।