केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में सुकमा और बीजापुर जिले के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। इस भर्ती के तहत कुल 300 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिनमें 255 पद पुरुष अभ्यर्थियों और 45 पद महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं।
भर्ती में सुकमा जिले के लिए 129 पुरुष और 23 महिला, कुल 152 पद शामिल हैं। वहीं बीजापुर जिले के लिए 126 पुरुष और 22 महिला, कुल 148 पद निर्धारित किए गए हैं।
अधिकारिक जानकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग, आवेदन पत्र प्राप्त करना, पंजीकरण और रोल नंबर जारी करने की कार्यवाही 6 अक्टूबर से 14 नवंबर 2025 तक चलेगी।
सुकमा जिले के लिए भर्ती प्रक्रिया का आयोजन पुलिस लाइन, पुसामीपारा (धानमंडी के पास) सुकमा में होगा। वहीं बीजापुर जिले के लिए भर्ती फुटबॉल स्टेडियम, शिक्षा नगरी बीजापुर में आयोजित की जाएगी।
शारीरिक दक्षता और शारीरिक मापदण्ड परीक्षा 21 अक्टूबर से 6 नवंबर 2025 तक आयोजित की जाएगी।
