रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बीजेपी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में GST 2.0 पर एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस मौके पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी उनके साथ मौजूद थे। उन्होंने इस रिफॉर्म की कई अहम बातों को साझा किया और कहा कि “GST का मतलब अब Good and Simple Tax” है।
GST 2.0: किसानों और आम जनता के लिए बड़ा कदम
सीएम विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि, “हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने GST को लेकर ऐतिहासिक रिफॉर्म लागू किया है।” उन्होंने बताया कि इससे पहले देश की आर्थिक स्थिति पूरी तरह से अस्थिर थी, लेकिन मोदी सरकार के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया में तेजी से ऊपर उठी है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में सत्ता में आने के बाद देश की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए रात दिन मेहनत की और अब हमारे देश का आर्थिक स्थान पांचवे से तीसरे स्थान पर पहुंचने को तैयार है।”
चार स्लैब से दो स्लैब में बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने GST को चार स्लैब से घटाकर अब दो स्लैब में बदल दिया है। यह बदलाव देशभर में उद्योग और व्यापार को सरल बनाने के साथ-साथ किसानों को भी बड़ा लाभ देगा। उन्होंने इस रिफॉर्म की सराहना करते हुए कहा कि इससे कृषि क्षेत्र और छोटे व्यवसायियों को खासा फायदा होगा।
सस्ती होंगी दैनिक जीवन की चीजें
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि इस नई प्रणाली से दैनिक जीवन से जुड़ी वस्तुएं जैसे खाद्य सामग्री, वस्त्र, जीवन बीमा और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में कीमतें घटने वाली हैं। इसके परिणामस्वरूप प्रत्येक भारतीय परिवार को लगभग 50 हजार रुपये की सालाना बचत होने की संभावना है।
कृषि क्षेत्र के लिए विशेष लाभ
सीएम साय ने आगे बताया कि, “खाद्य सामग्री को 5% GST स्लैब में लाया गया है, जिसका छत्तीसगढ़ के किसानों को विशेष लाभ मिलेगा।” इसके अलावा, लघु वनोपज की प्रोसेसिंग मशीनों पर भी GST रिफॉर्म का फायदा होगा। हर साल देश में 9 लाख ट्रैक्टर बिकते हैं, जिससे किसानों को 6,000 करोड़ रुपये का फायदा होने का अनुमान है।
सभी सेक्टरों को मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस बदलाव से छत्तीसगढ़ के किसानों और छोटे उद्यमियों को बड़ी राहत मिलेगी। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में सामानों की कीमतें कम होंगी, और इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता
सीएम विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि, “प्रधानमंत्री मोदी जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि इस ऐतिहासिक रिफॉर्म के माध्यम से भारत को “Good and Simple Tax” की अवधारणा को साकार किया गया है।
