मुंबई। नागपुर की प्रतिभाशाली मॉडल रूश सिंधु ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर मिस इंटरनेशनल इंडिया 2025 का ताज अपने नाम कर देश और शहर का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि के बाद अब वे भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित होने वाली मिस इंटरनेशनल 2025 प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम 27 नवंबर 2025 को आयोजित होगा।
नागपुर में हुआ भव्य स्वागत
ताज जीतने के बाद जब रूश सिंधु अपने गृहनगर नागपुर लौटीं तो वहां उनका ज़ोरदार स्वागत हुआ। परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों ने फूलों की बारिश कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान रूश ने कहा “यह पल मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। भारत का प्रतिनिधित्व करना हमेशा से मेरा सपना था और अब यह हकीकत बन चुका है। यह ताज सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरे देश का है।”

पहले भी दिखा चुकीं प्रतिभा
रूश सिंधु इससे पहले मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 प्रतियोगिता में टॉप-6 फाइनलिस्ट तक पहुंचकर अपनी क्षमता का परिचय दे चुकी हैं। उन्होंने माना कि सफलता पाने के लिए सही तैयारी ही सबसे बड़ा हथियार है।
सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय
ग्लैमर वर्ल्ड तक सीमित न रहते हुए रूश सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ी हैं। वे खासतौर पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और महिला सशक्तिकरण के लिए सक्रिय रूप से काम करती रही हैं। मनोविज्ञान की पढ़ाई कर चुकीं रूश का मानना है कि “कोविड-19 महामारी ने हमें सिखाया कि अपनी भावनाओं को समझना और व्यक्त करना कितना जरूरी है। भावनात्मक बुद्धिमत्ता ही आज की सबसे बड़ी ताकत है।”

युवाओं को दिया संदेश
रूश ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि “सबसे पहले माता-पिता का समर्थन जरूरी है और खुद पर विश्वास रखना ही असली ताकत है। अगर आप खुद पर भरोसा रखेंगी, तो परिवार और पूरी दुनिया आपका साथ देगी।”
भारत से जुड़ी उम्मीदें
रूश सिंधु की यह उपलब्धि भारत की ब्यूटी पेजेंट इंडस्ट्री के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है। अब सभी की निगाहें टोक्यो में होने वाली मिस इंटरनेशनल 2025 प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां रूश भारत का परचम लहराने उतरेंगी।
