नई दिल्ली। भारत में स्मार्टफोन बाजार में आज 11 अगस्त 2025 को Oppo अपनी नई K13 Turbo सीरीज लॉन्च करने जा रही है। इस नई सीरीज में दो मॉडल शामिल होंगे — Oppo K13 Turbo और Oppo K13 Turbo Pro। लॉन्च से पहले कंपनी ने इन दोनों मॉडलों के कुछ मुख्य फीचर्स और स्पेसिफिकेशन भी साझा किए हैं। खास बात यह है कि इस सीरीज में एक एक्टिव कूलिंग सिस्टम दिया गया है, जो फोन को गर्म होने से बचाने के लिए बिल्ट-इन सेंट्रिफ्यूगल फैन का उपयोग करता है।
Oppo K13 Turbo सीरीज की अनुमानित कीमत
- Oppo K13 Turbo Pro के दो वेरिएंट भारत में उपलब्ध हो सकते हैं: 8GB RAM + 256GB स्टोरेज वाला मॉडल जिसकी कीमत लगभग 37,999 रुपये होगी, जबकि 12GB RAM + 256GB स्टोरेज वाला वेरिएंट 39,999 रुपये के आसपास मिल सकता है।
- Oppo K13 Turbo के 8GB RAM + 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत लगभग 27,999 रुपये और 8GB RAM + 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 29,999 रुपये के करीब हो सकती है।
यह दोनों स्मार्टफोन Flipkart और Oppo की आधिकारिक वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

स्पेसिफिकेशन और खास फीचर्स
Oppo K13 Turbo सीरीज में 6.80 इंच की AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जिसका रिज़ॉल्यूशन 1280×2800 पिक्सल (1.5K) और 120Hz का रिफ्रेश रेट है। इसके साथ ही 240Hz टच सैंपलिंग रेट और 1,600 निट्स तक की ब्राइटनेस भी मिलती है, जो बेहतरीन विजुअल एक्सपीरियंस देती है।
प्रोसेसर की बात करें तो, K13 Turbo Pro में Qualcomm Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर लगा होगा, जबकि K13 Turbo में MediaTek Dimensity 8450 प्रोसेसर दिया गया है। दोनों फोन में 16GB तक LPDDR5X RAM और 512GB तक स्टोरेज विकल्प उपलब्ध होंगे। यह स्मार्टफोन एंड्रॉयड 15 बेस्ड ColorOS 15 पर काम करेंगे।

कैमरा और बैटरी
Oppo K13 Turbo सीरीज में रियर कैमरा सेटअप में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी और 2 मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा मिलेगा। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 16 मेगापिक्सल का कैमरा मौजूद होगा।
बैटरी की बात करें तो, दोनों फोन 7,000mAh की दमदार बैटरी से लैस हैं, जो 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है।
कनेक्टिविटी और सुरक्षा फीचर्स
इस सीरीज के दोनों मॉडलों में 5G, 4G, Wi-Fi 7, ब्लूटूथ 5.4, GPS, NFC और USB टाइप-सी पोर्ट जैसे आधुनिक कनेक्टिविटी ऑप्शन मौजूद हैं। इसके अलावा, Oppo की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार K13 Turbo सीरीज IP6/8/9 रेटिंग के साथ आती है, जो फोन को पानी और धूल से सुरक्षित रखती है।
