राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई
रायपुर, 16 मई 2025
बलरामपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देश पर राजस्व एवं खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, शंकरगढ़ के मार्गदर्शन में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चार ट्रैक्टर जब्त किए हैं।
शंकरगढ़ तहसीलदार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए तीन ट्रैक्टरों को जब्त कर डीपाडीहकला पुलिस चौकी के सुपुर्द किया गया। वहीं, रामानुजगंज क्षेत्र में कन्हर नदी से अवैध रेत उत्खनन करते हुए एक ट्रैक्टर पकड़ा गया, जिसे तहसीलदार रामानुजगंज द्वारा जब्त कर रामानुजगंज थाना में जमा किया गया।
इसके अलावा, ग्राम पुरानडीह में अवैध रूप से भंडारित रेत को भी जब्त किया गया है, जिसे ग्राम पंचायत के सरपंच के सुपुर्द किया गया।
कलेक्टर श्री कटारा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध उत्खनन और खनिज भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित निगरानी, जांच और सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
