रायपुर। राजधानी के रेलवे स्टेशन के ठीक सामने इन दिनों शराबखोरी का अड्डा बन गया है। स्टेशन के बाहर स्थित शराब दुकान से लोग बोतल खरीदते ही वहीं बैठकर शराब पीने लगते हैं। नतीजा यह कि पूरे इलाके का माहौल बिगड़ रहा है और आम लोग, खासकर महिलाएँ और बच्चे, असहज महसूस कर रहे हैं।
स्टेशन चौक बना ओपन बार
शाम ढलते ही स्टेशन चौक पर शराबियों की भीड़ लग जाती है। खुले में बोतलें खुलती हैं और शोर-शराबा होने लगता है। आसपास के दुकानदार कहते हैं कि यह जगह रोज़ शाम को बार जैसी दिखती है।
पुलिस और आबकारी विभाग पर सवाल
कानून के मुताबिक सार्वजनिक जगह पर शराब पीना अपराध है। इसके बावजूद पुलिस और आबकारी विभाग इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। जब कभी पुलिस की गाड़ी गश्त पर आती है तो शराबी थोड़ी देर के लिए हट जाते हैं, लेकिन पुलिस के जाते ही फिर वही हालत हो जाती है।
लोगों की नाराजगी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत की गई, मगर हर बार केवल आश्वासन ही मिला। लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाके में खुलेआम शराब पीना यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। अब सभी की मांग है कि प्रशासन तुरंत कार्रवाई करे।
