रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना छत्तीसगढ़ में लोगों के लिए बिजली बचत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बन रही है। जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी एवं व्यवसायी प्रभाष कुमार जैन इस योजना का लाभ उठाकर हर महीने हजारों रुपये की बचत कर रहे हैं।
प्रभाष कुमार जैन ने अपने घर की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए 5 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित कराया है। इस परियोजना पर लगभग 3.50 लाख रुपये की लागत आई, जिसमें उन्हें शासन की ओर से 78 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। इससे सोलर सिस्टम लगाने की लागत काफी कम हो गई।
जैन ने बताया कि पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल 4 से 5 हजार रुपये तक आता था, लेकिन सोलर पैनल लगने के बाद बिजली खर्च में लगातार कमी आई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बचत और अधिक बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी उन्हें ऑनलाइन माध्यम से मिली थी। आवेदन से लेकर सोलर प्लांट की स्थापना तक की पूरी प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही, जिससे किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
प्रभाष कुमार जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आम परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इससे बिजली बिल का बोझ कम होने के साथ-साथ स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरों को सस्ती, स्वच्छ और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है। छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में लोग इस योजना से जुड़कर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। योजना से आर्थिक राहत के साथ-साथ हरित ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिल रहा है।
