ग्राम मोहदी स्थित छत्तीसगढ़ महतारी अंगना परिसर में कथित रूप से बढ़ रही नशाखोरी, जुआ एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, धरसींवा खंड ने थाना धरसींवा में लिखित आवेदन सौंपा है।
संगठनों ने आवेदन में आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ महतारी अंगना परिसर में कुछ असामाजिक तत्व नियमित रूप से नशाखोरी, जुआ और अन्य अनुचित गतिविधियों में संलिप्त हैं। उनका कहना है कि इससे परिसर का वातावरण प्रभावित हो रहा है तथा क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक गरिमा को नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही परिसर में गंदगी फैलने से ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी अंगना प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान का प्रतीक स्थल है। ऐसे स्थान पर इस प्रकार की गतिविधियां होना चिंता का विषय है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो इसका नकारात्मक असर समाज और युवाओं पर पड़ सकता है।
आवेदन में थाना प्रभारी से मांग की गई है कि परिसर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने कहा कि समाज में शांति, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। संगठन ने ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र को नशामुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए लगातार जनहित के मुद्दे उठाने और अभियान जारी रखने की बात कही।
