उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम अमलीडीह से कामनबोड़ तक बनने वाली 1.40 किलोमीटर लंबी सड़क एवं पांच पुलियों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने शीतला माता मंदिर में भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये की घोषणा भी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने निर्माण एजेंसी और ठेकेदार को सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क और पुल-पुलिया जैसी आधारभूत परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास, बिजली, सिंचाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिससे हजारों जरूरतमंद परिवारों का पक्का घर का सपना साकार हो रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि अमलीडीह सहित कुरुवा पंचायत के आश्रित गांवों में पिछले दो वर्षों के दौरान 255 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने बिजली व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए बताया कि फीडर सेपरेशन अभियान के तहत अमलीडीह में 52 लाख रुपये की लागत से कार्य कराया गया है। इसके अलावा कृषि पंपों के लिए अलग फीडर, 1.20 किलोमीटर एलटी केबलिंग और 25 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है, जिससे किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अमलीडीह में सड़क, बिजली, सीसी रोड और चेक डैम सहित अनेक विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं से गांव की आधारभूत अधोसंरचना मजबूत होगी, कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरिता संतोष मिश्रा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पटेल, जनपद उपाध्यक्ष श्री अशोक पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
