भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय के तत्वावधान में 10 से 14 जुलाई 2026 तक पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग स्थित राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र, कुर्सियांग में आयोजित पाँच दिवसीय बेसिक कमिश्नर कोर्स सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ से राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा सहित जिला मुख्य आयुक्त, सहायक जिला मुख्य आयुक्त और अन्य पदाधिकारियों सहित कुल 41 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य कमिश्नरों के नेतृत्व कौशल, संगठनात्मक क्षमता, प्रशिक्षण प्रबंधन और स्काउट-गाइड गतिविधियों के प्रभावी संचालन को मजबूत करना था। इस दौरान नेतृत्व, अनुशासन, टीम भावना, निर्णय क्षमता, संगठन संचालन, कार्यक्रम नियोजन, संचार कौशल, समस्या समाधान और सेवा भावना जैसे विषयों पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने कहा कि यह प्रशिक्षण अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक रहा, जिससे स्काउटिंग के प्रति समझ, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और संगठनात्मक दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों का उपयोग छत्तीसगढ़ में स्काउटिंग गतिविधियों को नई दिशा और गति देने में किया जाएगा।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्काउटिंग को अधिक प्रभावी, अनुशासित और जनसेवा उन्मुख बनाने में करेंगे। प्रशिक्षण में शिविर संचालक अशोक देशमुख, सहायक प्रशिक्षण संचालक डॉ. पूनम सिंह साहू, श्रीमती सरिता पाण्डेय, राष्ट्रीय पर्यवेक्षक एस.एस. राय सहित राज्य के 41 पदाधिकारी उपस्थित रहे।
