रायपुर, छत्तीसगढ़ की बेटियां पढ़ाई के साथ खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इसी कड़ी में नवा रायपुर की मार्शल आर्ट खिलाड़ी बहनें सना और सानिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों बहनों की खेल उपलब्धियों और पढ़ाई के साथ खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
मुलाकात के दौरान सना और सानिया ने मुख्यमंत्री को अपनी खेल यात्रा, उपलब्धियों और आगामी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे मार्शल आर्ट के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। दोनों खिलाड़ी गोल्डन कप के अलावा खेलो इंडिया गेम्स और दमन में आयोजित बीच गेम्स में भी हिस्सा लेकर पदक जीत चुकी हैं।
पढ़ाई के साथ खेल में भी हासिल कर रहीं उपलब्धियां
सना और सानिया खेल के साथ अपनी शिक्षा पर भी पूरा ध्यान दे रही हैं। सना बीकॉम की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि सानिया बीसीए की छात्रा हैं। दोनों बहनों की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पढ़ाई और खेल दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ना उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बेटियां अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर हर क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं।
खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग का भरोसा
मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
सना और सानिया की उपलब्धियां प्रदेश की उन बेटियों के लिए प्रेरणा हैं, जो शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी अपना भविष्य बनाना चाहती हैं।
