रायपुर। खेती में नई सोच, मेहनत और बाजार की मांग के अनुरूप फसल का चयन किया जाए तो कृषि बेहतर आमदनी का माध्यम बन सकती है। रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल ने गेंदा फूल की खेती के जरिए सफलता की नई मिसाल पेश की है। वर्ष 2007-08 से गेंदा फूल की खेती कर रहे विद्याधर आज 7 से 8 एकड़ में फूलों का उत्पादन कर रहे हैं। उनके खेतों में तैयार फूल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा के कई क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। खेती से अच्छी आमदनी अर्जित करने के साथ ही वे गांव के 15 से 20 लोगों को नियमित रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं।
प्रदर्शनियों में फूलों की मांग देखकर शुरू की खेती
विद्याधर पटेल बताते हैं कि वे वर्ष 1994-95 से सब्जी-भाजी की खेती कर रहे थे। इस दौरान रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में गमलों के माध्यम से सब्जियों की खेती का प्रदर्शन भी करते थे। प्रदर्शनियों में गेंदा फूल की अच्छी मांग और बिक्री देखकर उनके मन में इसकी व्यावसायिक खेती करने का विचार आया। इसके बाद वर्ष 2007-08 में उन्होंने गेंदा फूल की खेती शुरू की और धीरे-धीरे अपने अनुभव के आधार पर खेती का रकबा बढ़ाते गए।
पॉलीबैग तकनीक से कम किया नुकसान
गेंदा फूल की खेती के शुरुआती दिनों में उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। पहले खुले खेत में पौधे तैयार करते थे, लेकिन बीजों का अंकुरण ठीक नहीं होने के कारण कई बार दोबारा बुवाई करनी पड़ती थी। इससे पौधे तैयार होने में देरी होती और दशहरा-दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों के सीजन में फूल बाजार तक नहीं पहुंच पाते थे।
समय पर बिक्री नहीं होने से फूल खराब होने और लागत डूबने का खतरा भी रहता था। इन समस्याओं से निपटने के लिए उन्होंने पॉलीबैग में पौधे तैयार करना शुरू किया। इस तकनीक से पौधों को तैयार करने में बेहतर नियंत्रण मिला और फूलों की बिक्री नहीं होने की स्थिति में भी बाद में बाजार तक पहुंचाने की सुविधा मिली। इससे उत्पादन और बिक्री के बीच बेहतर तालमेल बना तथा नुकसान की आशंका कम हुई।
एक एकड़ से पांच लाख रुपये तक की बिक्री
विद्याधर पटेल के अनुसार, गेंदा फूल की खेती से एक एकड़ में लगभग पांच लाख रुपये तक की बिक्री हो जाती है, जबकि प्रति एकड़ करीब एक से डेढ़ लाख रुपये तक लागत आती है। दशहरा से दीपावली के बीच फूलों की सर्वाधिक मांग रहती है। इसी बाजार को ध्यान में रखकर वे उत्पादन और बिक्री की योजना तैयार करते हैं।
सिंचाई के लिए खेतों में दो निजी बोरवेल हैं। इसके अलावा पाइपलाइन बिछाने के साथ जरूरत के अनुसार ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है।
छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक फूलों की आपूर्ति
विद्याधर पटेल के खेतों में तैयार गेंदा फूल की मांग छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा में भी है। सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ सहित ओडिशा के कई क्षेत्रों में नियमित रूप से फूलों की आपूर्ति की जाती है।
छत्तीसगढ़ में सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर तक फूल भेजे जाते हैं। सीजन के दौरान प्रतिदिन लगभग 12 से 15 गाड़ियों के माध्यम से फूलों का वितरण किया जाता है। फूलों की बिक्री नगद होती है और श्रमिकों तथा वाहन चालकों का भुगतान भी नियमित रूप से किया जाता है।
परिवार के सहयोग से खेती, 15 से 20 लोगों को रोजगार
विद्याधर पटेल की खेती में उनके परिवार का महत्वपूर्ण योगदान है। उनकी पत्नी और तीनों बेटियां खेती के काम में बराबर सहयोग करती हैं। इसके अलावा गांव के 15 से 20 श्रमिक नियमित रूप से उनके साथ काम करते हैं।
फूलों को बाजार तक पहुंचाने के लिए उनके अपने वाहनों के अलावा प्रतिदिन 8 से 10 वाहन किराये पर लेने पड़ते हैं। इससे खेती के माध्यम से श्रमिकों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी रोजगार मिल रहा है।
गेंदा के साथ सब्जियों की खेती से बढ़ाई आमदनी
गेंदा फूल की खेती के अलावा विद्याधर पटेल लगभग 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। इसमें भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। गेंदा फूल का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं।
इसके अलावा वे अपनी बाड़ी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी तैयार करते हैं। फूलों और सब्जियों की खेती के जरिए उन्होंने आय के अलग-अलग स्रोत विकसित किए हैं। विद्याधर पटेल की यह सफलता साबित करती है कि पारंपरिक खेती में आधुनिक तकनीक, बाजार की समझ और मेहनत का समावेश कर किसान आर्थिक रूप से मजबूत बन सकते हैं।
