नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की संभावनाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। रविवार को अवकाश के चलते मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के स्टॉल पर बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों, चित्रकोट जलप्रपात के आकर्षक प्रतिरूप, आधुनिक वीआर तकनीक और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों ने दिल्लीवासियों का मन मोह लिया।
प्रदेश के धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग द्वारा मेले में विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं और सांस्कृतिक विरासत को देशभर के लोगों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।
बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों ने बढ़ाया आकर्षण
छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के स्टॉल पर बस्तर क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की नई संभावनाओं को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त हो रहे बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित जलप्रपात, पहाड़ियां, ऐतिहासिक धरोहर और जनजातीय संस्कृति के प्रति आगंतुकों ने विशेष रुचि दिखाई।
पर्यटन विभाग के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी प्रमिल वर्मा ने आगंतुकों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी। उन्होंने नारायणपुर जिले के प्रसिद्ध हांदवाड़ा जलप्रपात, जिसे बाहुबली जलप्रपात के नाम से भी जाना जाता है, की प्राकृतिक सुंदरता से लोगों को परिचित कराया।
इसके अलावा दंतेवाड़ा जिले की पहाड़ी पर स्थित प्राचीन ढोलकल गणेश प्रतिमा, बीजापुर जिले के नंबी जलप्रपात और कोंडागांव जिले के टाटामारी पर्यटन स्थल के बारे में जानकारी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की परंपराओं, जनजातीय आस्था और सांस्कृतिक विशेषताओं ने भी आगंतुकों को प्रभावित किया।
गिरौदपुरी धाम के विशाल जैतखाम की भव्यता ने खींचा ध्यान
पर्यटन विभाग के स्टॉल पर प्रदेश के धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। महान संत बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में स्थित विशाल जैतखाम की भव्यता ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आगंतुकों ने प्रदेश के ऐतिहासिक मंदिरों, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर प्रवास और दीपावली मिलन से जुड़े प्रसंगों की जानकारी भी लोगों को दी गई। बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास के साथ पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को लेकर आगंतुकों ने उत्साह व्यक्त किया।
चित्रकोट जलप्रपात के प्रतिरूप के सामने सेल्फी लेने की होड़
छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के स्टॉल पर विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का आकर्षक प्रतिरूप लोगों के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है। भारत के नियाग्रा के नाम से प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात की खूबसूरती को दर्शाने वाले इस प्रतिरूप के सामने तस्वीरें खिंचवाने और सेल्फी लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
पर्यटन विभाग द्वारा स्थापित आधुनिक वीआर जोन में भी आगंतुकों की भारी भीड़ देखने को मिली। आभासी वास्तविकता तकनीक के माध्यम से लोगों ने एक ही स्थान पर बैठकर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों, जलप्रपातों और प्राकृतिक दृश्यों का अनुभव किया। युवाओं और बच्चों में इस तकनीक को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और नृत्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां
भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे लोक कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
लोकधुनों की मधुरता और कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमते नजर आए। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की लोक परंपराओं, जनजातीय जीवनशैली और सांस्कृतिक विविधता की जीवंत झलक देखने को मिली। आगंतुकों ने कलाकारों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति के प्रति अपनी रुचि दिखाई।
धरमलाल कौशिक ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का किया अवलोकन
भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने भी छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला, पर्यटन स्थलों और विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली गतिविधियों की सराहना की।
धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार प्रदेश में शांति, सुरक्षा, विकास और निवेश के अनुकूल वातावरण बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति और विकास के नए वातावरण से पर्यटन की अपार संभावनाएं सामने आ रही हैं। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों ने क्षेत्र की सकारात्मक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत की है। इको-पर्यटन, प्राकृतिक पर्यटन, जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक हस्तशिल्प के माध्यम से छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकता है।
कोसा साड़ियों और पारंपरिक हस्तशिल्प की भी सराहना
धरमलाल कौशिक ने छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध कोसा साड़ियों, पारंपरिक वस्त्रों, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की भी सराहना की। उन्होंने पवेलियन में पहुंचे लोगों को प्रदेश की विशेषताओं से परिचित कराते हुए छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के लिए प्रेरित किया।
पर्यटन से स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग द्वारा व्यापार मेले के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के साथ पर्यटन आधारित रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की संभावनाओं को भी सामने लाया जा रहा है।
विशेष रूप से बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं, जनजातीय समुदायों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर विकसित हो सकते हैं। प्राकृतिक पर्यटन, साहसिक पर्यटन, धार्मिक पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को प्रोत्साहित करने के प्रयास प्रदेश को एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के स्टॉल पर उमड़ रही भीड़ प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता और अनछुए पर्यटन स्थलों के प्रति देशभर के लोगों की बढ़ती रुचि को दर्शा रही है। छत्तीसगढ़ पवेलियन के माध्यम से राज्य की सकारात्मक छवि, समृद्ध विरासत और पर्यटन की नई संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।
