रोजाना एक जैसी सब्जी खाकर अगर आप भी बोर हो गए हैं और खाने में कुछ नया व चटपटा स्वाद चाहते हैं, तो राजस्थान की मशहूर भरवां बेसन मिर्ची आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है। तीखे मसालों और भुने हुए बेसन से तैयार यह पारंपरिक राजस्थानी रेसिपी खाने का स्वाद बढ़ा देती है। इसे दोपहर या रात के भोजन में दाल, रोटी और चावल के साथ परोसा जा सकता है।
इस रेसिपी की खासियत यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। बड़ी हरी मिर्च के अंदर मसालों से तैयार बेसन की भरावन भरी जाती है और फिर धीमी आंच पर पकाया जाता है। आइए जानते हैं भरवां बेसन मिर्ची बनाने की आसान विधि।
भरवां बेसन मिर्ची बनाने के लिए सामग्री
- 6 से 7 बड़ी हरी मिर्च
- 2 से 3 छोटे चम्मच बेसन
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- एक चुटकी हींग
- 1 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
- आधा छोटा चम्मच हल्दी
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच तेल
- 2 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- एक चौथाई छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- स्वादानुसार नमक
सबसे पहले तैयार करें हरी मिर्च
भरवां बेसन मिर्ची बनाने के लिए सबसे पहले बड़ी हरी मिर्च को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। इसके बाद प्रत्येक मिर्च को बीच से चीरा लगाकर उसके बीज निकाल दें। मिर्च के कुछ बीज अलग रख लें, जिन्हें बेसन के मसाले में मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे रेसिपी में हल्का अतिरिक्त तीखापन आएगा।
ऐसे बनाएं चटपटा बेसन का मसाला
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें जीरा और हींग डालकर कुछ सेकंड तक भूनें। इसके बाद बेसन डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए अच्छी तरह भूनें। ध्यान रखें कि बेसन जले नहीं। जब बेसन से अच्छी खुशबू आने लगे और उसका रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तब इसमें थोड़े से मिर्च के बीज मिला दें।
अब बेसन में अमचूर पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें। सभी मसालों को अच्छी तरह मिलाकर कुछ मिनट तक पकाएं। अंत में बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिश्रण तैयार कर लें।
हरी मिर्च में भरें तैयार मसाला
जब बेसन का मसाला तैयार हो जाए, तब इसे हल्का ठंडा होने दें। इसके बाद पहले से चीरा लगाकर रखी गई हरी मिर्च के अंदर इस मसाले को अच्छी तरह भर दें। ध्यान रखें कि मिर्च में मसाला बराबर मात्रा में भरा जाए, ताकि पकने के बाद हर हिस्से में अच्छा स्वाद मिले।
धीमी आंच पर पकाएं भरवां बेसन मिर्ची
अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें मसाला भरी हुई हरी मिर्च डालें और धीमी आंच पर पलट-पलटकर पकाएं। मिर्च के हल्का नरम होने और ऊपर से अच्छी तरह पक जाने तक इसे कड़ाही में रखें। इसके बाद गैस बंद कर दें।
तैयार है राजस्थान की स्वादिष्ट भरवां बेसन मिर्ची। इसे साबुत परोस सकते हैं या छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर भोजन के साथ रख सकते हैं। दाल, चावल और रोटी के साथ इसका तीखा-चटपटा स्वाद खाने का मजा दोगुना कर देगा।
