रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के लखनपुर और अम्बिकापुर स्थित मां दुर्गा मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने पवित्र ज्योत के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करे तथा प्रदेश का प्रत्येक परिवार सुखी और समृद्ध रहे।
मां जगदंबा के चरणों में की प्रदेश की उन्नति की कामना
मंत्री राजेश अग्रवाल ने मंदिरों में श्रद्धापूर्वक मां दुर्गा की आराधना करते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति, विकास और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मां जगदंबा की कृपा और आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़े और प्रदेश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ, सुखी एवं समृद्ध जीवन व्यतीत करे।
उन्होंने कहा कि मां दुर्गा शक्ति, साहस, करुणा और कल्याण की प्रतीक हैं। उनकी आराधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास प्राप्त होता है। साथ ही लोककल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। सनातन संस्कृति में देवी आराधना का विशेष आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। मां जगदंबा के प्रति श्रद्धा हमारी धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है।
धार्मिक विरासत के संरक्षण से बढ़ेगा पर्यटन और रोजगार
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि सरगुजा अंचल की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत को समृद्ध बनाती हैं। यहां के देवी-देवताओं के प्रति लोगों की गहरी आस्था सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करती है।
उन्होंने धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन को आवश्यक बताते हुए कहा कि आस्था के केंद्र लोगों को आध्यात्मिक शांति प्रदान करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मंत्री ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से स्थानीय संस्कृति को नई पहचान मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे।
छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि के नए शिखर छुए
राजेश अग्रवाल ने कहा कि उनकी कामना है कि छत्तीसगढ़ में विकास की गति निरंतर तेज हो, समाज के सभी वर्गों का कल्याण हो और प्रदेश खुशहाली, समृद्धि तथा सांस्कृतिक गौरव के नए शिखर हासिल करे।
