रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के ग्राम धरमपुरा और बिरकोना में मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत 78.51 लाख रुपये की लागत से होने वाले दो सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने भी भागीदारी निभाई। खास बात यह रही कि भूमिपूजन के साथ ही दोनों निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क किनारे नालियों के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
धरमपुरा में 49.74 लाख और बिरकोना में 28.77 लाख रुपये होंगे खर्च
मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के अंतर्गत ग्राम धरमपुरा में मानिकचौरी मेन रोड से धान खरीदी केंद्र एवं गौठान तक 49.74 लाख रुपये की लागत से 0.5 किलोमीटर लंबी सीसी सड़क सह नाली का निर्माण किया जाएगा। वहीं, ग्राम बिरकोना में 28.77 लाख रुपये की लागत से 0.25 किलोमीटर लंबी सीसी सड़क सह नाली बनाई जाएगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
दोनों गांवों में पहले भी कराए गए विकास कार्य
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। ग्राम बिरकोना में 1 करोड़ 2 लाख 96 हजार रुपये तथा ग्राम धरमपुरा में 1 करोड़ 24 लाख 7 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। इसके अलावा दोनों गांवों में सैकड़ों प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण भी किया गया है, जिससे ग्रामीण परिवारों को पक्के मकान की सुविधा मिली है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांवों में सड़क, नाली, आवास सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
85 स्कूलों में ऑनलाइन कोचिंग की तैयारी, 50 में लग चुकी हैं स्क्रीन
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की पहल की जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के कुल 85 स्कूलों में से अब तक 50 स्कूलों में स्क्रीन लगाई जा चुकी हैं। शेष 35 स्कूलों में भी स्क्रीन लगाने की योजना है। इसके अलावा क्षेत्र के सभी 8 छात्रावासों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस पहल के तहत विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए फिजिक्स वाला (Physics Wallah) से बातचीत की गई है। योजना के अनुसार, स्कूलों और छात्रावासों में लगी स्क्रीन के माध्यम से विद्यार्थियों को कोचिंग, पढ़ाई और करियर काउंसलिंग की सुविधा देने का प्रयास किया जाएगा।
इसका उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना तथा महंगी कोचिंग के लिए दूसरे शहरों में जाने की मजबूरी को कम करना है।
महिलाओं की भागीदारी को बताया विकास के लिए जरूरी
कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में साहसिक प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विजय शर्मा गांवों की जरूरतों को समझते हुए विकास कार्यों को गति दे रहे हैं।
उन्होंने भूमिपूजन कार्यक्रम में माताओं और बहनों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सहभागिता के बिना समाज और क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है। विकास एक सतत प्रक्रिया है, जिसे लगातार आगे बढ़ाते रहना चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी और जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
