IND vs AFG 1st T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच पहले टी20 मुकाबले से पहले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में कुछ ऐसा देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद दर्शकों का ध्यान खींच लिया। मैच शुरू होने से पहले आमतौर पर राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ सुनाई देता है, लेकिन इस बार कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ से हुई। राष्ट्रगीत के बाद राष्ट्रगान बजाया गया। इस बदलाव की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा शुरू हो गई।
राष्ट्रगान से पहले हुआ ‘वंदे मातरम’ का गायन
भारत के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों में मैच से पहले राष्ट्रगान बजने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। हालांकि अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में प्री-मैच कार्यक्रम का क्रम बदला हुआ नजर आया। स्टेडियम में पहले ‘वंदे मातरम’ बजाया गया और इसके बाद ‘जन गण मन’ का गायन हुआ।
इस बदलाव ने मैदान में मौजूद दर्शकों के साथ-साथ क्रिकेट फैंस का भी ध्यान आकर्षित किया। सोशल मीडिया पर भी लोग इस नए प्री-मैच कार्यक्रम को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं देते नजर आए।
‘वंदे मातरम’ को लेकर पहले भी रही है चर्चा
‘वंदे मातरम’ भारत का राष्ट्रगीत है और इसे लेकर समय-समय पर राजनीतिक एवं सामाजिक स्तर पर चर्चा होती रही है। हाल के दिनों में राष्ट्रगीत के इस्तेमाल और इससे जुड़े प्रोटोकॉल को लेकर भी बहस देखने को मिली है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले से पहले ‘वंदे मातरम’ का बजना भी चर्चा का विषय बन गया।
वैभव सूर्यवंशी को नहीं मिली प्लेइंग इलेवन में जगह
मैच से पहले टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन ने भी फैंस को चौंकाया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद घोषित टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं मिली।
वैभव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने तीन मुकाबलों में 151 रन बनाए थे और उनका औसत 50 से अधिक रहा था। इसके बावजूद अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में उन्हें बाहर बैठना पड़ा।
संजू सैमसन की हुई टीम में वापसी
वैभव सूर्यवंशी की जगह अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। सैमसन जिम्बाब्वे सीरीज में भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। अफगानिस्तान के खिलाफ उन्हें एक बार फिर अंतिम एकादश में मौका दिया गया है।
भारत की प्लेइंग इलेवन
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती को शामिल किया गया।
