भिलाई : छत्तीसगढ़ में स्टेट GST विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह छोटू से जुड़े कई ठिकानों पर जांच शुरू की। GST अधिकारियों की टीम ने भिलाई स्थित कंपनी के ऑफिस और गोदाम के अलावा बलौदाबाजार स्थित यार्ड में भी पहुंचकर कारोबारी दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगालने शुरू किए हैं।
24 से ज्यादा अधिकारी जांच में जुटे
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच स्टेट GST विभाग की टीम भिलाई में कंपनी के ठिकानों पर पहुंची। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर जांच शुरू की गई। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में 24 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। टीम कंपनी के GST रिकॉर्ड, कारोबार से जुड़े दस्तावेज, लेन-देन के कागजात और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
कंपनी के पास 1500 से ज्यादा ट्रक
हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के पास 1500 से अधिक ट्रक होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में GST विभाग की जांच में कंपनी के बड़े कारोबारी नेटवर्क के साथ वाहनों के संचालन और उससे जुड़े टैक्स रिकॉर्ड पर भी फोकस किया जा रहा है। कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई के चलते कंपनी के अलग-अलग कारोबार और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
बलौदाबाजार यार्ड में भी पहुंची GST टीम
स्टेट GST विभाग की एक टीम ने बलौदाबाजार स्थित कंपनी के यार्ड में भी जांच शुरू की है। यहां वाहनों से जुड़े रिकॉर्ड और कारोबार संबंधी दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। टीम द्वारा मौके पर उपलब्ध रिकॉर्ड का मिलान संबंधित कारोबारी दस्तावेजों से किए जाने की जानकारी है।
कार्रवाई की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल स्टेट GST विभाग की ओर से आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह कार्रवाई किस शिकायत, जांच या कथित कर अनियमितता के आधार पर की गई है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारण और जांच में सामने आए तथ्यों की आधिकारिक जानकारी सामने आ सकेगी।
