रायपुर/झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। यह हादसा झांसी-ललितपुर हाईवे पर उस समय हुआ, जब वह परिवार के साथ बागेश्वर धाम में दर्शन कर लौट रहे थे। दुर्घटना में उन्हें कमर और पैर में चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं।
वाहन को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर किरण सिंह देव अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम गए थे। लौटते समय झांसी-ललितपुर मार्ग पर सामने आए एक वाहन से बचने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे के समय किरण सिंह देव के साथ उनका सुरक्षा कर्मी (पीएसओ) भी वाहन में मौजूद था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने पहुंचाई मदद
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। घायल किरण सिंह देव और चालक को तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनका विस्तृत चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। हादसे में उनके चालक को भी चोटें आई हैं।
रायपुर लाने की तैयारी, हादसे की जांच शुरू
सूत्रों के अनुसार, किरण सिंह देव को बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। इस बीच पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुआ, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल प्रशासन और भाजपा की ओर से इस घटना पर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
