उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने लोरमी विकासखंड के ग्राम बैगाकापा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान 3.0 के तहत वन महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कल्पवृक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। साथ ही पर्यावरण जागरूकता के लिए ‘वृक्ष मित्र वाहन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो गांवों और शहरों में जाकर नींबू, मुनगा, बिही, जामुन सहित विभिन्न पौधों का वितरण कर लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करेगा।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती है। इससे निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण के साथ वर्षा जल संरक्षण भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पेड़, पानी और पर्यावरण का संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय, जिला पंचायत के सीईओ श्री गोकुल रावटे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
