मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर में राज्यों को पूंजीगत निवेश हेतु विशेष सहायता योजना (SASCI) 2026-27 के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे सुधार कार्यों और उनके क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य सचिव ने सभी विभागों को लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से विभागवार मासिक कार्ययोजना तैयार कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि योजना के तहत तय लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा सके।
समीक्षा बैठक में SASCI 2026-27 के दिशा-निर्देशों और परिचालन गाइडलाइंस के अनुरूप विभागवार सुधार कार्यों की प्रगति, अब तक की उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्य-पूर्ति और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक में वित्त, वाणिज्यिक कर, कृषि, सामान्य प्रशासन, आवास एवं पर्यावरण, पर्यटन, नगरीय प्रशासन, राजस्व, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों के सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने योजना के अंतर्गत निर्धारित सुधार कार्यों की प्रगति से मुख्य सचिव को अवगत कराया।
