छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड में चित्रोत्पला फिल्म सिटी के विकास को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस दौरान ‘भारत भाग्य विधाता’ फिल्म के लेखक-निर्देशक मनोज तापड़िया और निर्माता आदि शर्मा ने छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य से सौजन्य मुलाकात कर फिल्म सिटी की अवधारणा, संभावनाओं और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, जलप्रपातों, वन क्षेत्रों और जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने पर जोर दिया गया। साथ ही राज्य को फिल्मांकन के लिए आकर्षक और पसंदीदा गंतव्य बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
चर्चा के दौरान चित्रोत्पला फिल्म सिटी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक समग्र फिल्म परिसर के रूप में विकसित करने पर सहमति बनी, जहां फिल्म निर्माण से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके साथ ही फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने, निजी निवेश आकर्षित करने और राज्य में फिल्म निर्माण गतिविधियों का विस्तार करने की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी का विकास राज्य के फिल्म और पर्यटन क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और रचनात्मक युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग के विस्तार से पर्यटन, होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
बैठक में यह भी सहमति बनी कि छत्तीसगढ़ को उभरते फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए फिल्म उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों, निर्माताओं और निर्देशकों के साथ निरंतर संवाद और सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म निर्माण के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
