रायपुर, 14 जुलाई 2026। जशपुर जिले में स्वस्थ और खुशहाल परिवार की अवधारणा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 11 से 18 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। अभियान के तहत परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिलेभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परिवार नियोजन के महत्व को घर-घर तक पहुंचाते हुए इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया जाए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व, जनसंख्या स्थिरीकरण और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाएगा।
‘जब बच्चे में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल’
इस वर्ष अभियान की थीम “जब बच्चे में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” रखी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य दंपतियों को गर्भधारण के उचित समय, दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतराल रखने तथा परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों के प्रति जागरूक करना है। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति भी मजबूत होती है।
जिलेभर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
अभियान के दौरान सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सास-बहू सम्मेलन, परामर्श शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से परिवार नियोजन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के साथ योग्य दंपतियों को उपलब्ध सेवाओं और उनके लाभों की जानकारी दी जाएगी।
परिवार नियोजन के सभी साधन निःशुल्क
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं। इनमें कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, गर्भनिरोधक गोलियां (छाया और माला-एन) तथा निरोध शामिल हैं। इच्छुक दंपतियों को प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा आवश्यक परामर्श और सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पुरुष नसबंदी पर मिलेगा 3 हजार रुपये का प्रोत्साहन
परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए सरकार पुरुष नसबंदी कराने वाले हितग्राहियों को 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर रही है। जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े के दौरान 11 से 18 जुलाई तक जिला चिकित्सालय जशपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में प्रतिदिन पुरुष नसबंदी की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी योग्य दंपतियों से परिवार नियोजन अपनाकर स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल परिवार के निर्माण में सहभागी बनने तथा शासन की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
