। राजधानी रायपुर में अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब 14,100 लीटर अवैध ईंधन, एक टैंकर, नकदी और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 35 लाख 45 हजार 770 रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि कान्हा ढाबा के पीछे ईपी रोलिंग मिल के पास भारी मात्रा में पेट्रोल और डीजल का अवैध भंडारण कर उसकी रीसेलिंग और कटिंग का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना कबीर नगर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई की।
चार आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया, उमेश साव, रामजी यादव और धर्मेंद्र साव को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों के ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण कर रहे थे।
सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी
पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा बड़ी मात्रा में डीजल और पेट्रोल का भंडारण किया गया था, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। इससे क्षेत्र में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं आरोपी
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गठित टीम ने मामले की गहन जांच की। जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी थाना उरला और आमानाका क्षेत्र में अवैध तेल कारोबार के मामलों में पकड़े जा चुके हैं। उनके खिलाफ पूर्व में भी कई प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अवैध ईंधन कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
