मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरबा जिले की 66 वर्षीय कैंसर पीड़ित महिला उमातिन बाई के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 21 लाख 69 हजार 344 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है। इस राशि से उनका उपचार रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, फेफड़े के कैंसर से पीड़ित उमातिन बाई के परिजनों ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज के लिए सहायता की मांग करते हुए बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले पर त्वरित संज्ञान लिया गया और मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत उपचार हेतु राशि स्वीकृत की गई।
मुख्यमंत्री की इस पहल से मरीज और उसके परिजनों को बड़ी राहत मिली है। परिवार के सदस्यों ने सहायता राशि स्वीकृत होने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब समय पर और बेहतर उपचार संभव हो सकेगा। उनके अनुसार यह सहायता परिवार के लिए नई उम्मीद और बड़ा सहारा साबित होगी।
मुख्यमंत्री के गृह ग्राम बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। यहां प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए जरूरतमंदों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और अन्य जनकल्याणकारी मामलों में लोगों को समय पर राहत मिलने से शासन के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत हो रहा है। संवेदनशील प्रशासन और जनसेवा की भावना के साथ संचालित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया जरूरतमंद लोगों के लिए आशा, विश्वास और सहायता का महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है।
