महाराष्ट्र सीमा से सटे अबूझमाड़ क्षेत्र की दूरस्थ ग्राम पंचायत पदमकोट आज ग्रामीण विकास और समावेशी प्रगति का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरी है। जिला मुख्यालय नारायणपुर से लगभग 65 किलोमीटर दूर स्थित इस पंचायत में जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचने से ग्रामीणों के जीवन में व्यापक बदलाव आया है।
घने जंगलों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच बसे इस क्षेत्र में कभी पेयजल के लिए ग्रामीणों को काफी संघर्ष करना पड़ता था। अब सौर ऊर्जा आधारित जलापूर्ति व्यवस्था के माध्यम से पंचायत के सभी परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में लगभग चार किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। बिजली की अनिश्चितता को देखते हुए 10-10 हजार लीटर क्षमता वाली चार सोलर जल टंकियों का निर्माण किया गया है। इस व्यवस्था ने गांव में निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित की है।
इस परिवर्तन का सबसे अधिक लाभ महिलाओं और बच्चों को मिला है। पहले महिलाओं और बच्चों को पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे उनका काफी समय और श्रम खर्च होता था। अब घरों में नल से पानी मिलने के कारण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों और अन्य आजीविका कार्यों से जुड़ रही हैं। वहीं बच्चे नियमित रूप से स्कूल जा पा रहे हैं और पढ़ाई के लिए अधिक समय दे रहे हैं।
शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने से ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। डायरिया, पीलिया और जलजनित बीमारियों के मामलों में कमी दर्ज की गई है। साथ ही स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ने से गांव का वातावरण भी बेहतर हुआ है।
पानी की पर्याप्त उपलब्धता ने ग्रामीणों को घरों के पीछे किचन गार्डन विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया है। ग्रामीण अब अपने उपयोग के लिए विभिन्न प्रकार की ताजी और पौष्टिक सब्जियां उगा रहे हैं। इससे परिवारों के पोषण स्तर में सुधार हुआ है और बाजार पर निर्भरता भी कम हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन ने केवल पानी की समस्या का समाधान नहीं किया, बल्कि उनके जीवन में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई भावना भी पैदा की है।
पदमकोट पंचायत की यह सफलता दर्शाती है कि प्रशासनिक प्रतिबद्धता, बेहतर योजना और प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से देश के सबसे दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों तक भी विकास की सुविधाएं पहुंचाई जा सकती हैं। आज अबूझमाड़ का यह गांव स्वच्छ पेयजल, बेहतर स्वास्थ्य और समृद्ध जीवन की दिशा में एक नई पहचान बना रहा है।
