रायपुर। राज्य में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जांजगीर-चांपा जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध रेत भंडारण और उत्खनन के मामलों में सख्त कदम उठाए।
खनिज विभाग के अनुसार ग्राम आमोदी (खपरीडीह) में अवैध रूप से भंडारित रेत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 100 ट्रैक्टर रेत को वापस नदी में डलवाया गया। यह कार्रवाई प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई।
वहीं ग्राम पीथमपुर-भादा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर संयुक्त टीम ने जांच की। जांच के दौरान ग्राम भादा में नियमों के विपरीत चौन माउंट मशीन से रेत खनन करते पाए जाने पर एक मशीन को जब्त कर मौके पर ही सीलबंद कर दिया गया।
इसी तरह ग्राम देवरहा में भी अवैध रेत खनन में उपयोग की जा रही एक अन्य चौन माउंट मशीन पर कार्रवाई करते हुए उसे सीलबंद किया गया।
प्रशासन ने बताया कि प्रकरणों की जांच छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत उत्खनन एवं व्यवसाय नियम, 2025 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिज संसाधनों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
