Durg जिले के कातुलबोर्ड इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सूने मकान के अंदर 55-60 वर्षीय अधेड़ टेटकू राम बांधे का संदिग्ध अवस्था में शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है। मृतक टेटकू राम बांधे घर में अकेले रहता था और उसे शराब पीने की आदत थी। उसकी तीन-चार बेटियों की शादी हो चुकी है, जिसके बाद से वह अकेले ही जीवन बिता रहा था।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों को घर से तेज बदबू आने लगी। अनहोनी की आशंका होने पर आसपास के लोगों ने घर के बारे में जानकारी ली। इसके बाद पता चला कि घर के अंदर सोफे पर बैठी अवस्था में टेटकू राम का शव पड़ा हुआ है। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अधेड़ की मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस भी यही अनुमान लगा रही है।
सूचना मिलने पर मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।
