Raipur में आम प्रेमियों के लिए खास आयोजन होने जा रहा है। Indira Gandhi Krishi Vishwavidyalaya में 29 से 31 मई तक तीन दिवसीय मैंगो फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में देश-विदेश की 250 से अधिक आम की किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
‘मियाजाकी’ आम रहेगा आकर्षण का केंद्र
महोत्सव में दुनिया के सबसे महंगे आमों में शामिल ‘मियाजाकी’ आम लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। इसके अलावा ‘नूरजहां’, ‘गोल्डन नगेट्स’ और ‘टॉमी एटकिंस’ जैसी विदेशी किस्में भी प्रदर्शनी में देखने को मिलेंगी।
कई राज्यों के किसान होंगे शामिल
इस अनोखे आयोजन में देश के अलग-अलग राज्यों से किसान हिस्सा लेंगे और अपनी फसलों का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव के पहले दिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रतिभागियों का पंजीयन किया जाएगा, जबकि प्रदर्शनी रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।
दशहरी से अलफांसो तक दिखेंगी कई किस्में
फेस्टिवल में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, केसर, अलफांसो, तोतापरी, नीलम, हिमसागर, आम्रपाली, मल्लिका, पूसा अरुणिमा, सिंधु और रत्ना जैसी कई लोकप्रिय किस्मों का प्रदर्शन होगा।
प्रतियोगिताओं और वर्कशॉप का भी आयोजन
महोत्सव में बच्चों और विद्यार्थियों के लिए मैंगो फैंसी ड्रेस, मैंगो क्विज और आम सजावट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं मशहूर शेफ Akanksha Rai लोगों को आम से बनने वाले नए-नए व्यंजन बनाना सिखाएंगी।
प्रतिभागी आम से बने अचार, चटनी, आम पापड़, पना, जैम, शर्बत और मिठाइयों के साथ भी प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे।
किसानों को मिलेगी नई तकनीक की जानकारी
महोत्सव के दूसरे दिन आम उत्पादन, गुणवत्ता सुधार और मार्केटिंग से जुड़े विषयों पर सेमिनार आयोजित होगा। इसमें किसानों को सरकारी योजनाओं और आधुनिक खेती तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
तीसरे दिन सफल आम उत्पादकों और उद्यमियों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी। इसके बाद पुरस्कार वितरण और सम्मान समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
