भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच Narendra Modi ने देशवासियों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग ज्यादा से ज्यादा सावधानी बरतें, पर्याप्त पानी पिएं और खुद को हाइड्रेटेड रखें।
पीएम मोदी ने कहा,
“मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें। कृपया स्वयं को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें।”
उन्होंने लोगों से दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर जाने की सलाह दी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे मौसम में संवेदनशीलता और मानवता बहुत बड़ा सहारा बनती है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंद और प्यासे लोगों को पानी पिलाने की अपील की।
बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य बुजुर्ग परिजनों का हालचाल जरूर लें। उन्हें समय-समय पर पानी पीने, आराम करने और तेज धूप से बचने की सलाह दें।
पशु-पक्षियों के लिए भी की अपील
Narendra Modi ने लोगों से पशु-पक्षियों का भी ख्याल रखने को कहा। उन्होंने सुझाव दिया कि घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा बर्तन रखें, ताकि गर्मी में पक्षियों और जानवरों को राहत मिल सके।
देश के कई राज्यों में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, जिसके चलते स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी लोगों को लू से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।
