छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जिसमें रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को ठगों ने अपना शिकार बनाया। आरोपी ने खुद को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का पर्सनल असिस्टेंट (PA) बताकर विधायक से पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने फोन कर डीजल डलवाने के नाम पर पैसों की मांग की। विधायक पुरंदर मिश्रा ने भरोसा करते हुए 4,500 रुपये और 5,500 रुपये की दो किस्तों में कुल 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। यह रकम जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से आरोपी के बताए गए बैंक खाते में भेजी गई।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब विधायक ने खुद नितिन नवीन के वास्तविक PA की पहचान की पुष्टि की। इसके बाद ठगी का पता चला।
पुलिस जांच में जुटी
घटना सामने आने के बाद सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर खमहरडीह पुलिस थाना में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है। शिकायत में उस मोबाइल नंबर और बैंक अकाउंट की जानकारी भी दी गई है, जिसका इस्तेमाल ठगों ने किया था।
कांग्रेस ने सरकार को घेरा
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बदतर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा के विधायक भी ठगी का शिकार हो रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई लूट की घटना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
