Padma Awards 2026 : नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कार 2026 की घोषणा कर दी है। इस बार बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता स्वर्गीय धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा अलका याग्निक, आर. माधवन, दिवंगत सतीश शाह, ममूटी और प्रोसेनजीत चटर्जी जैसी हस्तियों को पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण
‘शोले’, ‘चुपके चुपके’ और ‘धरम वीर’ जैसी फिल्मों से अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले धर्मेंद्र को फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण प्रदान किया जाएगा। सम्मान समारोह में उनकी पत्नी हेमा मालिनी पुरस्कार ग्रहण करेंगी।
अलका याग्निक को पद्मश्री
हिंदी सिनेमा की ‘सुरों की मल्लिका’ अलका याग्निक को पार्श्व गायन में उनके लंबे और यादगार योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान दिया जाएगा।
आर. माधवन को मिलेगा सम्मान
‘रहना है तेरे दिल में’, ‘3 इडियट्स’ और ‘रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट’ जैसी फिल्मों के लिए प्रसिद्ध आर. माधवन को भी पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। हाल ही में उन्हें नेशनल अवॉर्ड भी मिल चुका है।
दिवंगत सतीश शाह को पद्मश्री
कॉमेडी किंग सतीश शाह को हिंदी फिल्मों और टीवी सीरियल ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में उनके बेहतरीन कॉमिक रोल्स के लिए पद्मश्री सम्मान दिया जाएगा।
ममूटी और प्रोसेनजीत चटर्जी का सम्मान
मलयालम सिनेमा के ‘गॉड फादर’ ममूटी को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए पद्मश्री मिलेगा। वहीं बंगाली सिनेमा के दिग्गज प्रोसेनजीत चटर्जी, जिन्होंने 5 दशकों में 350 से अधिक फिल्में की हैं, उन्हें भी इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
सिनेमा जगत में खुशी की लहर
पद्म पुरस्कार 2026 की घोषणा के बाद सिनेमा जगत में खुशी का माहौल है। ये सम्मान न सिर्फ इन दिग्गज कलाकारों के योगदान को सराहते हैं बल्कि भारतीय सिनेमा की समृद्ध विरासत को भी मजबूती प्रदान करते हैं। पुरस्कार वितरण समारोह की तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
